Last Updated: Monday, December 3, 2012, 13:03
भोपाल : कथित प्रेम-प्रसंग के कारण एक शादीशुदा महिला ने साथ रहने की बात पर हुए विवाद में अपने अविवाहित प्रेमी को कल यहां गोली मार दी। उसे गंभीर अवस्था में यहां के सरकारी हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है।
आरोपी महिला को देर रात गिरफ्तार कर यहां भोपाल के महिला थाना भेज दिया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मंडीदीप के वार्ड नौ स्थित रामनगर निवासी 30 वर्षीय रजनी पड़ोस में रहने वाले 21 वर्षीय सुरेश रावत से प्रेम करती थी। रजनी पहले से ही विवाहित है, लेकिन कुछ समय पहले अपने पति राजेश को छोड़ने के बाद से वह अकेली ही रह रही थी। रजनी, सुरेश से प्रेम करती थी, जिसके चलते वह सुरेश को अपने साथ रहने के लिए दबाव डाल रही थी।
पुलिस ने बताया कि जब सुरेश ने रजनी के साथ रहने से इंकार कर दिया तो इस बात को लेकर कल दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद गुस्से में रजनी ने घर में रखे 32 बोर के देशी कट्टे से दो फायर कर दिए, जिसमें से एक गोली सुरेश की कमर में जाकर लगी। गोली लगने से सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में ही सुरेश ने थाने पहुंच कर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसे तत्काल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया । पुलिस ने घटनास्थल से देशी कट्टे के दो खोके बरामद किए हैं। रजनी को मंडीदीप पुलिस आज महिला थाने से लेकर अदालत जाएगी और रिमांड प्राप्त करने के बाद संभवत: उससे मंडीदीप थाने में पूछताछ करेगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 3, 2012, 13:03