Last Updated: Thursday, March 21, 2013, 21:11
वृंदावन : सुहाग उजड़ने के बाद बेरंग जिंदगी जी रही सैकड़ों विधवा महिलाएं तमाम परम्पराओं को तोड़ते हुए इस बार भगवान कृष्ण की स्थली वृंदावन में होली मनाएंगी। गैर सरकारी संगठन सुलभ इंटरनेशनल उन्हें निराशा के अंधेरे से निकालकर खुशी के उजाले से गुजरने का मौका देने जा रहा है।
सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने बताया कि विधवा महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने की कोशिशों के तहत संस्था वृंदावन में रह रही ऐसी करीब 800 महिलाओं को एक नये तरीके से होली मनाने का मौका देगा। वे महिलाएं कृष्णनगरी के आश्रमों में आगामी 24 मार्च को फूलों की होली खेलेंगी।
उन्होंने कहा कि कृष्ण की नगरी में विधवाओं को खुशी के पल देने के लिये ऐसा आयोजन बेमिसाल कदम साबित होगा और इससे ऐसी महिलाओं के प्रति समाज की सोच में बदलाव लाने में भी मदद मिलेगी।
पाठक ने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा वृंदावन की महिलाओं की त्रासद स्थिति पर टिप्पणी किये जाने के बाद सुलभ इंटरनेशनल ने उनकी मदद के लिये हाथ बढ़ाये हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था ने वृंदावन में सभी सरकारी संरक्षणगृहों के रखरखाव का जिम्मा ले लिया है। संस्था ना सिर्फ विधवा महिलाओं को मानदेय देती है बल्कि उनके भोजन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी कर रही है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 21, 2013, 21:11