वृंदावन में विधवाओं ने खेली फूलों-रंगों से होली

वृंदावन में विधवाओं ने खेली फूलों-रंगों से होली

वृंदावन : परंपराओं के बंधन को तोड़ते हुए यहां सैकड़ों विधवाओं ने भगवान कृष्ण की इस धरती पर गुलाल और फूलों से होली खेली।

वृंदावन के आश्रमों में रविवार को शुरू हुए चार दिवसीय होली महोत्सव में करीब 800 विधवाओं ने भाग लिया। होली महोत्सव के तहत परंपरागत ‘रास लीला’ नृत्य और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया है।

सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने कहा, ‘वृंदावन की होली विधवाओं को सदियों पुरानी परंपरा के बंधन से निकालने की कोशिश है। विधवाएं न केवल होली खेलेंगी बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी।’

इससे पहले आश्रम में रहने वाली विधवाएं केवल ‘ठाकुरजी’ से होली खेलती थीं। लेकिन इस साल वे एक दूसरे के साथ भी इस पर्व के रंगों का आनंद उठा सकेंगी।

पाठक ने कहा कि यह महोत्सव इन विधवाओं के खिलाफ सामाजिक पूर्वाग्रह को समाप्त करने की दिशा में अभूतपूर्व कदम है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 24, 2013, 17:29

comments powered by Disqus