Last Updated: Tuesday, November 27, 2012, 09:31

वाशिंगटन : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 2012 के लिए विश्व के 100 शीर्ष चिंतकों की सूची में जगह दी गई है। विदेशी नीति पत्रिका ने यह सूची तैयार की है।
सूची में म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची को पहला स्थान मिला है। सूची में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा, माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को भी जगह दी गई है। 100 की सूची में नीतीश को 77वां स्थान दिया गया है।
पत्रिका में कहा गया कि सरकारी अकर्मण्यता के लिए जगत प्रसिद्ध देश में जंगल राज के लिए जाने जाने वाले बिहार में तब से बदलाव आना शुरू हो गया, जब नीतीश कुमार ने 2005 में सत्ता की बागडोर संभाली।
पत्रिका में कहा गया कि नीतीश कुमार ने अपने दो कार्यकालों में अपराध समाप्त करने, भ्रष्ट अधिकारियों को नियंत्रित करने और आर्थिक विकास के लिए कई नवीन कार्यक्रम शुरू किए। पत्रिका में कहा गया कि नीतीश कुमार ने त्वरित न्याय के लिए फास्ट ट्रैक अदालत स्थापित किया, भ्रष्टाचार की पोल खोलने वालों के लिए नकद इनाम दिए और भ्रष्टाचार की शिकायतों को यूट्यूब पर डाला।
पत्रिका के मुताबिक उन्होंने करीब 15 हजार स्कूल बनवाए, डेढ़ लाख शिक्षकों की नियुक्ति की, लड़कियों को साइकिल बांटी ताकि वे विद्यालय जा सकें और उपेक्षित जाति के लोगों को रेडियो बांटी। पत्रिका के मुताबिक बिहार में अपराध घटा है और शिक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। जिससे पता चलता है कि नीतीश की कोशिशें सफल हुई हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 27, 2012, 09:31