Last Updated: Wednesday, March 28, 2012, 13:38
शिरडी (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र सरकार ने कांग्रेस के पूर्व विधायक जयंत ससाणे को फिर से शिरडी साईंबाबा ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त कर दिया है। बंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने हाल ही में ट्रस्ट को भंग कर दिया था।
सूत्रों ने कहा कि 15 दिन के भीतर नया बोर्ड गठित करने के उच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कल रात 15 सदस्यों की सूची जारी की।
हाईकोर्ट ने 13 मार्च को अपने फैसले में ट्रस्ट के संविधान का पालन नहीं होने पर 7 साल पुराने 15 सदस्यीय न्यास को भंग कर दिया था। संविधान के मुताबिक ट्रस्ट का कार्यकाल तीन साल से अधिक नहीं हो सकता। 2007 में ट्रस्ट के कार्यकाल का विस्तार किया गया लेकिन नियमानुसार नये बोर्ड का गठन नहीं किया गया।
देश के सर्वाधिक धनी मंदिरों में से एक का प्रबंधन देखने वाले ट्रस्ट के उपाध्यक्ष के तौर पर अहमद नगर जिला राकांपा अध्यक्ष घनश्याम शेलार को नियुक्त किया गया है। 15 सदस्यीय ट्रस्ट में कांग्रेस के छह सदस्य हैं और राकांपा के नौ ट्रस्टी हैं। नए ट्रस्ट के अन्य सदस्यों में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, विलास कोटे, शैलेश कुटे, पतंगराव शेलके, स्नेहलता कोल्हे, राजेंद्र पिपादा, सुरेश वाधवा, नामदेव गुंजाल, प्रकाश नांदुरकर और मनोनीत सदस्य के तौर पर सुमित्रा कोटे हैं।
सूत्रों ने कहा कि दो कांग्रेस सदस्यों के नामों की घोषणा अभी नहीं हुई है। शिरडी निवासी संदीप कुलकर्णी और राजेंद्र गोंदकर ने इस संबंध में जनहित याचिका दाखिल की थी। अदालत ने नए ट्रस्ट के गठन तक अहमदनगर जिला कलेक्टर को देखरेख का आदेश दिया था।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, March 28, 2012, 19:08