श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग आज भी बंद - Zee News हिंदी

श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग आज भी बंद

 

श्रीनगर: कश्मीर घाटी में हिमपात की वजह से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है जिसकी वजह से घाटी का सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी शेष देश से संपर्क कटा हुआ है और वहां जाने वाली सभी उड़ानों में विलंब हुआ।

 

शनिवार की रात से शुरू हुआ हिमपात जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी के विभिन्न भागों में रात भर जारी रहा जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। ज्यादातर लोग घरों से बाहर नहीं निकले।

 

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि हिमपात के बाद घाटी के निवासियों को राहत मिली है क्योंकि यहां तापमान में लगातार दूसरे दिन वृद्धि हुई है।

 

उन्होंने कहा कि घाटी में मामूली से भारी हिमपात दर्ज किया गया। सड़कों पर जमी बर्फ हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्रीनगर में रात भर में चार इंच बर्फ रिकार्ड की गई। उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में अब तक बर्फ की करीब छह इंच मोटी तह जमी हुई है।

 

पहलगाम, यौसमर्ग और सोनमर्ग सहित घाटी के अन्य भागों में भी हिमपात हुआ और दो से आठ इंच बर्फ रिकॉर्ड की गई।

ताजा हिमपात के कारण, 294 किमी लंबा श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है। यह कश्मीर घाटी को शेष देश से जोड़ने वाला एकमात्र सड़क संपर्क है।

 

यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रात भर हिमपात होने की वजह से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया है।
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा आने वाली सभी उड़ानों में भी विलंब हुआ है।

 

मामूली से भारी हिमपात के बावजूद शहर तथा घाटी के बड़े शहरों में बिजली आपूर्ति पर असर नहीं पड़ा। हिमपात के बाद श्रीनगर के न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई जो शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 

उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यहां नए साल की शुरूआत से ही पारा शून्य से 10 से लेकर 12 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 16, 2012, 11:27

comments powered by Disqus