श्रीनगर में तापमान पहुंचा शून्य से नीचे

श्रीनगर में तापमान पहुंचा शून्य से नीचे

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित घाटी और लद्दाख क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है ।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में कल रात तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकार्ड किया गया। जाड़े के मौसम में पहली बार शहर में तापमान शून्य से नीचे चला गया।

उन्होंने बताया कि बारामूला जिले में पर्यटन स्थल गुलमर्ग घाटी का सबसे सर्द स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकार्ड किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

घाटी में कुपवाड़ा ही एकमात्र ऐसा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से उपर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र में लेह शहर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां कल रात तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। निकटवर्ती शहर करगिल में तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 20, 2012, 14:46

comments powered by Disqus