Last Updated: Wednesday, September 19, 2012, 22:08

लखनऊ : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को कहा कि सरकार ने संसद से सड़क तक विश्वास खो दिया है इसीलिए अब उसने सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार भी खो दिया है। पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि देश में गंभीर राजनीतिक संकट पैदा हो गया है और सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। सरकार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।
नकवी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सोनिया गांधी विदेशी कम्पनियों को बुलाने में दिलचस्पी रखती थीं लेकिन अब मनमोहन भी उन्हीं के राह पर चल रहे हैं। नकवी ने कहा कि केंद्र की सरकार भ्रष्टाचार के भस्मासुरों की सरकार है, जो सिर्फ देश को लूटना जानती है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह पर निशाना साधते हुए नकवी ने कहा कि मुलायम दोहरी राजनीति कर रहे हैं। वह एक हाथ में विरोध का डंडा और दूसरे हाथ में कांग्रेस का झंडा लेकर चल रहे हैं। उन्हें वाकई में अगर कांग्रेस का विरोध करना है तो सरकार से अपना समर्थन वापस लेना चाहिए।
नकवी ने कहा कि 20 सितम्बर को पूरे देश में भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश निकालेंगे। मध्यावधि चुनाव के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए नकवी ने कहा कि मध्यावधि चुनाव कभी भी हो सकते हैं। इन्हीं अटकलों को लेकर पार्टी 26 से 28 तक फरीदाबाद में राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वर्तमान में चल रहे राजनीतिक संकट पर विचार विमर्श किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 19, 2012, 22:08