Last Updated: Friday, November 2, 2012, 19:54

बाराबंकी : केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने आज उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी तथा विपक्षी दल भाजपा पर राजनीतिक फायदे के लिए आपसी मिलीभगत कर राज्य में साम्प्रदायिक दंगे कराने का आरोप लगाया।
वर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश की सपा सरकार मुस्लिम लड़कियों को हाईस्कूल पास करने के बाद 30 हजार रुपए देने जा रही है। दरअसल सरकार वह धनराशि देकर मुसलमानों को लूट रही है। प्रदेश में दंगों की बाढ़ आ गई है जिससे सबसे ज्यादा नुकसान मुसलमानों को ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा मिलकर दंगे करा रहे हैं। सियासी फायदे के लिये ऐसा कर रही ये दोनों पार्टियां एक दूसरे की पूरक हैं।
इस्पात मंत्री ने कहा कि वर्ष 1989 में अयोध्या में जब कारसेवकों पर गोलियां चली थीं तो उसके एक हफ्ते बाद ही आडवाणी को अयोध्या में दर्शन करने की इजाजत दे दी गयी थी। ठीक उसी तरह हाल में फैजाबाद में हुए साम्प्रदायिक बवाल के करीब पांच दिन बाद भाजपा उपाध्यक्ष कटियार को फैजाबाद जाने दिया गया।
वर्मा ने कहा कि फैजाबाद में हुए दंगों में सबसे ज्यादा 40 दुकानें मुसलमानों की जलाई गईं और इस दौरान प्रशासन उदासीन बना रहा। अधिकारियों की ढिलाई के कारण फैजाबाद में दंगा और तनाव फैला। उन्होंने कहा कि आज मुसलमान सपा से खुश नहीं है और खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है।
मुस्लिम लड़कियों को 30 हजार रुपए दिये जाने का विरोध करते हुए वर्मा ने कहा कि अगर 70 प्रतिशत मुस्लिम पिछड़े हैं तो उनसे ज्यादा 95 प्रतिशत दलित पिछड़े हैं। अन्य भी जातियां हैं जो बहुत पिछड़ी हुई हैं। उनकी लड़कियों को भी यह मदद देनी चाहिए। सरकार उनके साथ भेदभाव कर रही है। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 2, 2012, 19:54