Last Updated: Thursday, August 15, 2013, 15:20

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गुरुवार को अपने भाषण में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास की गाड़ी को आगे बढ़ाया है।
विधानभवन में ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में अखिलेश ने कहा कि आजादी के समय उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी राज्य हुआ करता था लेकिन बाद में यह पिछड़ता गया। हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की पटरी पर लाने के लिए कई बड़े फैसले लिए और विकास की गाड़ी को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजना आयोग ने हाल ही में माना कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में विकास के सभी सूचकांकों में वृद्धि हुई है। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार जनता का उत्थान करके उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाना चाहती है। सरकार सभी को बराबरी की नजर से देखती है।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कानून व्यवस्था, बिजली व्यवस्था को बेहतर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जिनका असर दिखने लगा है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जिससे कि आर्थिक असमानता न पैदा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बनाया जिसका असर दिखने लगा है। विदेश के कई उद्योगपति राज्य में निवेश करने के इच्छुक हैं। उन्होंने बताया कि सपा सरकार को अपने अल्प कार्यकाल में 1,600 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इलाहाबाद में साल की शुरुआत में आयोजित किए गए महाकुंभ मेले के सफल आयोजन को राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने मेले से जुड़े रहे प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य के कुल 97 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इनमें से 17 को वीरता के लिए, सात को विशिष्ट सेवाओं के लिए जबकि 73 को दीर्घ एंव सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
वीरता पुरस्कार के लिए कुल 17 में से छह पुलिसकर्मियों (कांस्टेबल) को मरणोपरान्त राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए गए जिनमें राजेश सिंह चैहान, बृजेश कुमार यादव, उमा शंकर यादव, गिरीश चंद्र नागर, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, और ईश्वर देव सिंह शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 15, 2013, 15:20