सभी संभावनाओं के द्वार खुले हैं: निशंक - Zee News हिंदी

सभी संभावनाओं के द्वार खुले हैं: निशंक

 

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में बढ़ती फूट के बीच भाजपा ने मंगलवार को कहा कि उसने भविष्य की सभी संभावनाओं के द्वार खुले रखे हैं और कांग्रेस के कुछ सदस्यों, बसपा और निर्दलीय विधायकों से संपर्क बनाये हुए है। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि भाजपा ने भविष्य की सभी संभावनाओं के लिए अपने द्वार खुले रखे हैं।

 

भाजपा को राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में 31 सीटें मिली हैं जो कांग्रेस से मात्र एक कम है और महज एक सीट की कमी से वह सरकार बनाने की दौड में पिछड़ गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बिशन सिंह चुफल ने विस्तार से कुछ कहने से इंकार करते हुए केवल इतना कहा कि हम घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। हम कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ ही बसपा और निर्दलीयों से संपर्क बनाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी तक अपना नेता तय नहीं कर पाई है, मुख्यमंत्री पद के लिये हालांकि विजय बहुगुणा के नाम की घोषणा कर दी गयी है लेकिन इसका पार्टी में ही काफी विरोध हो रहा है। ऐसी स्थिति में वह स्थायी सरकार नहीं दे पाएगी।

 

मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में मची कलह की आलोचना करते हुए निशंक ने कहा कि उन्होंने बहुगुणा का नाम तय करने में काफी समय लिया। और अब हरीश रावत का इस्तीफा आ गया। कांग्रेस उत्तराखंड की जनता का मजाक बना रही है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भगतसिंह कोश्यारी जैसे पार्टी के कई वरिष्ठ नेता राज्य में कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं के संपर्क में हैं। इस बीच, बसपा ने कल उत्तराखंड के राज्यपाल को कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने की बात कही है और कहा है कि पार्टी प्रमुख मायावती तय करेंगी कि नई सरकार में उनका कौन सा नेता मंत्री बनेगा।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 13, 2012, 15:37

comments powered by Disqus