'सम्मान खो चुकी है सूबे की अफसरशाही'

'सम्मान खो चुकी है सूबे की अफसरशाही'

'सम्मान खो चुकी है सूबे की अफसरशाही'लखनऊ : सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव की उत्तर प्रदेश की नौकरशाही के बेकाबू होने सम्बन्धी तल्ख टिप्पणी के बाद आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कभी देश के लिए कौशल की मिसाल कही जाने वाली सूबे की अफसरशाही अब अपना सम्मान खो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मेलन ‘आईएएस वीक’ में शिरकत करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘प्रदेश की अफसरशाही अपना सम्मान खो चुकी है।’ अखिलेश ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश के अफसर देश को दिशा देने वाली नीतियों का निर्धारण किया करते थे और यहां की अफसरशाही अपने कौशल के लिए मिसाल मानी जाती था। उन्होंने कहा ‘अधिकारियों ने सम्मान खोया है। विचार करेंगे कि यह सम्मान वापस कैसे मिले।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आगे तभी खुशहाल होगा, जब योजनाओं पर अमल करने वाले लोग ठीक ढंग से काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि जनता ने सपा के चुनाव घोषणापत्र को वोट के जरिये स्वीकृति दी है। घोषणापत्र के अनुरूप किये गए वादों को बिना किसी भ्रष्टाचार के लागू करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही बरतने वाले अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं तथा नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए अधिकारी पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करें।

गौरतलब है कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी गुरुवार को पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश के नौकरशाहों के बेकाबू होने का आरोप लगाते हुए इस पर खासी नाराजगी जाहिर की थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 18, 2013, 21:15

comments powered by Disqus