सरबजीत की मौत भारत की प्रतिष्ठा पर धब्बा: उद्धव

सरबजीत की मौत भारत की प्रतिष्ठा पर धब्बा: उद्धव

मुंबई : शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान की जेल में भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी मौत भारत की प्रतिष्ठा पर धब्बा है। उद्धव ने पार्टी के मुखपत्र `सामना` के संपादकीय में कहा कि सरबजीत पाकिस्तान की अतिसुरक्षित जेल के अंदर मारा गया। इसका मतलब है कि पाकिस्तान उन्हें मारना चाहता था। इसके पहले चमेल सिंह को इसी तरह मारा गया तथा हाल ही में पाकिस्तानी सैनिकों ने हमारे दो सैनिकों को सीमा पर बुरी तरह क्षत-विक्षत कर मार डाला था।

उन्होंने कहा कि अगर भारत, पाकिस्तान के वृद्ध और बीमार चिकित्सक खलील चिश्ती को मानवीय आधार पर रिहा कर सकता है तो पाकिस्तान सरबजीत को रिहा क्यों नहीं कर सकता था? उन्होंने कहा कि यह भारत की प्रतिष्ठा पर धब्बा है। उद्धव ने कहा कि भारतीय मुसलमानों को पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करने का बेहतरीन मौका मिल गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों ने इस्‍लाम को अपमानित किए जाने पर अमेरिका एवं डेनमार्क के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उद्धव ने कहा कि उन्‍हें मुम्बई और दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन करना चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 15:49

comments powered by Disqus