'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' और नहीं - Zee News हिंदी

'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' और नहीं

ज़ी न्यूज ब्यूरो
आगरा : सत्ता बदलने के साथ ही उत्तर प्रदेश के सरकारी महकमे से बसपा सरकार की निशानियों को मिटाने का काम शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम की बसों से ‘माया राज’ के नीले रंग और ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के स्लोगन को हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। वहीं मार्कोपोलो बसों से परिवहन निगम को हो रहे करोड़ों के घाटे को कम करने और रोडवेज बसों के किराये को लेकर भी विचार चल रहा है। मंगलवार को आईएसबीटी, आगरा के निरीक्षण के दौरान प्रेसवार्ता में परिवहन मंत्री अरिदमन सिंह ने इस बारे में जानकारी दी।

 

परिवहन मंत्री ने बताया कि रोडवेज बसों पर बसपा का स्लोगन ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के मुताबिक आम लोगों को सुविधाएं मुहैया नहीं करा पाया। इसलिए बसों से स्लोगन के साथ ही नीला रंग हटाने के आदेश भी दे दिए गए हैं। इसकी जगह बसों पर आगे किस तरह का रंग और कौन सा स्लोगन होगा, इस पर विचार किया जा रहा है।

 

मंत्री ने बताया कि जेनर्म के तहत प्रदेश में मार्कोपोलो बसों के संचालन से परिवहन निगम को हर साल 100 करोड़ का घाटा हो रहा है। इस घाटे को विभाग अकेला वहन नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि डीजल की कीमतों के बढ़ने से रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ाने पर विचार चल रहा है।

First Published: Wednesday, April 4, 2012, 14:47

comments powered by Disqus