सावन के आखिरी सोमवार पर भक्त उमड़े

सावन के आखिरी सोमवार पर भक्त उमड़े


लखनऊ/देवघर : सावन के आखिरी सोमवार के मौके पर आज उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों का हुजूम देखा गया। शिवालयों में हर-हर महादेव और बोल-बम के नारे गुंजायमान थे। वाराणसी स्थित विश्वप्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में हजारों की संख्या में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

गंगा स्नान करने के बाद हाथ में बेल पत्र और दूध लेकर श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बारी-बारी से पूजा अर्चना की। वहीं, देवघर में बाबा वैद्यनाथ मंदिर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के कामनालिंग पर जलाभिषेक करने का अनुमान है।

राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर, चौक का कोनेश्वर और ठाकुरगंज के गिरी मंदिर में सुबह से भक्तों का तांता देखा गया। भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए इन प्रसिद्ध मंदिरों में रूद्राभिषेक का आयोजन किया गया है। उधर इलाहाबाद, कानपुर, मेरठ, बरेली और गोरखपुर स्थित शिव मंदिर बोल बम के नारों से गुंजायमान रहे। भक्तों ने बेल पत्र और दूध चढ़ाकर भोले की पूजा अर्चना की।

ज्योतिषाचार्यो का कहना है कि सावन मास के सोमवार पर भोले नाथ की अपने भक्तों पर खास कृपा होती है। इस दौरान सच्चे मन से पूजा अर्चना करने वाले भक्त की मनोकामना जरूर पूर्ण होती है।

राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भक्तों की भीड़ के मद्देनजर शिवालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। काशी विश्वनाथ मंदिर में खास चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए थे। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 30, 2012, 18:10

comments powered by Disqus