Last Updated: Saturday, October 22, 2011, 09:57
पणजी : प्रसिद्ध गीतकार और कवि गुलजार दिसंबर में आयोजित होने वाले गोआ साहित्य उत्सव का उद्घाटन करेंगे। गोआ साहित्य उत्सव का यह दूसरा साल है। उम्मीद जताई जा रही है कि दुनिया भर के लगभग 40 जाने माने कलाकार और लेखक यहां जुटेंगे।
समारोह के आयोजकों ने कहा कि गोआ साहित्य समारोह में पाकिस्तान और अफ्रीकी देशों से कई लेखक और संगीतकार आएंगे। इनमें से कई गोआ से पहले से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि गोआ के डोना पाउला में स्थित इंटरनेशनल सेंटर में 17 से 21 तक यह समारोह चलेगा।
इसके अलावा प्रसिद्ध उपन्यासकार अमिताव घोष उद्घाटन समारोह की अघ्यक्षता करेंगे। समारोह में नाइजीरियाई-अमेरिकी उपन्यासकार तेजु कोल भी शामिल होंगे। कोल की पत्नी गोआ की रहने वाली हैं। कोल का उपन्यास ‘ओपन सिटी’ 21वीं सदी के सर्वश्रेष्ठ उपन्यासों में शामिल हैं।
इस बार के समारोह का आकषर्ण मुबई के लेखक नरेश फर्नांडिस की किताब ‘ताजमहल फॉक्सट्रोट’ होगा।
पाकिस्तानी समाचारपत्र ‘डॉन’ के स्तंभकार और संपादकीय लेखक सिरिल अल्मैदा समारोह में शामिल होंगे। सिरिल के अलावा युवा पीढ़ी के कई पाकिस्तानी लेखक भी यहां आएंगे। इनमें फातिमा भुट्टो, मोहम्मद हनीफ, बिलाल तनवीर और एच एम नकवी जैसे लेखक शामिल हैं।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, October 22, 2011, 15:32