सिंचाई विभाग पर गिरी अखिलेश की गाज - Zee News हिंदी

सिंचाई विभाग पर गिरी अखिलेश की गाज

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी का दौरा करने के बाद सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को हटा दिया, जबकि छह इंजीनियरों को निलम्बित कर दिया। लखीमपुर खीरी में बाढ़ रोकथाम से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करने के बाद बुधवार देर रात मुख्यमंत्री यादव ने प्रमुख सचिव सिचाई किशन सिंह अटोरिया को उनके पद से हटा दिया। हालांकि वह आबकारी विभाग का कार्य देखते रहेंगे।

 

प्रमुख अभियंता सिंचाई जयपाल सिंह, मुख्य अभियंता शारदा कैनाल अवध राम, अधीक्षण अभियंता शारदा नहर लखीमपुर लोटू राम, अधिशासी अभियंता बाढ़ केन्द्र शारदा रामवचन, अधिशासी अभियंता सिचाई खंड प्रथम लखीमपुर भरतराम और अधिशासी अभियंता सिचाई खंड नहर योगेन्द्र कुमार को विभागीय पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने, जनहित की अनदेखी और पूर्व में किये गये कार्यो में वित्तीय अनियमितताएं करने के आरोप मे निलम्बित किया गया है।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी का दौरा करने के बाद वहां हो रहे कार्यों पर नाराजगी जताई थी तथा बाढ़ से बचने के लिए करीब 19 करोड़ रुपए की नयी परियोजनाओं की घोषणा की थी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, April 5, 2012, 12:23

comments powered by Disqus