सीमांध्र में कर्मचारियों की हड़ताल जारी, वार्ता नाकाम

सीमांध्र में कर्मचारियों की हड़ताल जारी, वार्ता नाकाम

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के प्रस्तावित विभाजन के खिलाफ आंध्र प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की ओर से सीमांध्र क्षेत्र में आयोजित बेमियादी हड़ताल का आज लगातार दूसरा दिन है। इस हड़ताल से सीमांध्र क्षेत्र के 13 जिलों में सरकारी सेवाएं चरमरा गईं हैं। सरकार तथा हड़ताली कर्मचारियों के बीच हुई बातचीत भी गतिरोध खत्म करने में नाकाम रही है।

सीमांध्र क्षेत्र के 13 जिलों के चार लाख से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं और उनकी मांग है कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश को दो भागों में विभाजित करने के अपने कदम को तुरंत वापस ले। कैबिनेट उप-समिति और आंध्र प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नेताओं के बीच राज्य सचिवालय में बातचीत हुई पर इसका कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकला। सरकारी कार्यालय बंद रहे और लगभग सभी विभागों के कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया।

रायलसीमा के कलक्टर ने बताया कि मैं, मेरे संयुक्त कलक्टर, राजस्व संभागीय अधिकारी और डिप्टी कलक्टर ड्यूटी पर हैं। बाकी कोई काम पर नहीं आया है। आंध्र प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष अशोक बाबू ने कहा कि हमारी मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। गुंटूर में 16 अगस्त को होने वाली कर्मचारियों की बैठक के बाद हम अपने भविष्य के कदम की घोषणा करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 14, 2013, 23:06

comments powered by Disqus