Last Updated: Thursday, April 4, 2013, 13:47
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोचारभुजा/जयपुर : राजस्थान भाजपा की अध्यक्ष वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा का आगाज राजसमंद जिले के चारभुजा से होने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और राजे यात्रा से पहले पूजा-अर्चना के लिए चारभुजा मंदिर पहुंचे। पूजा के बाद राजनाथ सिंह, वसुंधरा राजे और नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। संबोधन के बाद वसुंधरा राजे की यात्रा को राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
चारभुजा स्थित सभास्थल पर हजारों की संख्या में राजे समर्थक एकत्रित हैं। चारभुजा में लगे सवा लाख वर्गफीट के पंडाल में करीब एक लाख कार्यकर्ताओं और नेताओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह गुरुवार सुबह 10 बजे दिल्ली से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने उनका स्वागत किया। यहां से राजनाथ और वसुंधरा हैलिकॉप्टर से राजसमंद रवाना हुए।
समारोह स्थल तक कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए उदयपुर से करीब 500 बसें और चार हजार अन्य छोटे वाहन लगाए गए हैं। इसके अलावा एक लाख लोगों के खाने के पैकेट तैयार किए गए हैं। समारोह स्थल की सुरक्षा के लिए करीब दो हजार पुलिसकर्मियों का दस्ता तैनात किया गया है। सभा स्थल की सुरक्षा के लिए सभा स्थल से 500 मीटर पहले सभी वाहनों को रोक दिया गया है।
First Published: Thursday, April 4, 2013, 09:32