सुर्खियों के लिए MNS का सियासी स्टंट, कार खरीद लगाई आग! |MNS

सुर्खियों के लिए MNS का सियासी स्टंट, कार खरीद लगाई आग!

सुर्खियों के लिए MNS का सियासी स्टंट, कार खरीद लगाई आग!ज़ी न्यूज ब्यूरो

मुंबई : सुर्खियों में आने के लिए राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने एक नए तरीके के विरोध-प्रदर्शन का सहारा लिया है। राकांपा नेता अजित पवार के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार करने और कैमरों की नजर में आने लिए मनसे द्वारा सड़क पर कथित रूप से एक कार को आग के हवाले करने का मामला प्रकाश में आया है।

इस मामले में मुंबई पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक मनसे कार्यकर्ताओं ने आक्रोश भड़काने और अपने नेताओं को खुश करने के लिए 35000 रुपए में एक मारुति-800 खरीदी और कुर्ला के व्यस्त मार्ग एलबीएस मार्ग पर कार को आग के हवाले कर दिया।

कार में लगी आग के दृश्य समाचार चैनलों पर दिखाए गए जिसके बाद से शहर और राज्य के कई इलाकों में तनाव फैल गया।

आगजनी की इस कार्रवाई के पीछे बताए जा रहे मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मनसे कार्यकर्ताओं पर दंगा भड़काने की कोशिश और शांति में खलल पैदा करने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञात हो कि संदिग्ध राकांपा कार्यकर्ताओं ने अहमदनगर में राज ठाकरे के काफिले पर पथराव किया था और उन्हें काले झंडे दिखाए थे।

राकांपा कार्यकर्ता राज द्वारा पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजित पवार की आलोचना किए जाने से नाराज थे। अपने एक भाषण में राज ठाकरे ने राज्य में सूखे के लिए अजित पवार को जिम्मेदार ठहराया था।

सोलापुर की एक सभा में राज ने राज्य में पानी की कमी के लिए अजित पवार पर निशाना साधा था। वर्ष 1999 से 2009 तक जल संसाधन मंत्रालय अजित के पास था।


First Published: Friday, March 1, 2013, 15:27

comments powered by Disqus