Last Updated: Sunday, February 12, 2012, 08:16
सुल्तानपुर: कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रविवार को पहली बार एक साथ सुल्तानपुर में प्रचार करने पहुंचे। दोनों जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ रोड शो कर रहे हैं।
राहुल और प्रियंका महराजगंज में हेलीकॉप्टर से उतरे, जहां बड़ी संख्या में लोग भाई-बहन की जोड़ी देखने के लिए मौजूद थे। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद दोनों (राहुल और प्रियंका) ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और एक गाड़ी में बैठकर आगे बढ़ गए।
जिले के लम्भुआ कस्बे में पहुंचकर राहुल और प्रियंका ने रोड शो किया और इस दौरान यहां सड़कों के दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
लम्भुआ के बाद दोनों चांदा कस्बे में रोड शो करने वाले हैं। जिले के कादीपुर कस्बे में राहुल और प्रियंका एक जनसभा को भी सम्बोधित कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि राहुल लगभग एक महीने से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं, तो प्रियंका कई दिनों से रायबरेली और अमेठी में प्रचार कर रही हैं। इस चुनाव में दोनों पहली बार आज एक साथ नजर आए हैं।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, February 12, 2012, 13:46