Last Updated: Sunday, March 17, 2013, 19:51
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि सेना ने देश की रक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सैनिकों को पूरा सम्मान देना हम सब का दायित्व है और प्रदेश सरकार भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों की विधवाओं और इनके आश्रितों की हर सम्भव मदद करेगी।
मैनपुरी जिले के पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सूर्य किरण मशाल रिले कार्यक्रम के दौरान अपने संबधन में अखिलेश ने कहा कि प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि यहां के युवा बड़ी संख्या में भारतीय सेना में सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए लड़ी गई प्रत्येक लड़ाई में यहां के सैनिकों ने अपनी कुर्बानियां दीं। यादव ने कहा कि मैनपुरी में सैनिक स्कूल खोलने के लिए प्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि जनता, सेना तथा सरकार मिलकर काम करेगी तभी देश का सवार्ंगीण विकास होगा। भारतीय सेना ने देश की रक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट सेवा करने एवं देश की रक्षा करते शहीद हुए वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया।
मध्य कमान के लेफ्टिनेन्ट जनरल अनिल चौत ने कहा कि मध्य कमान सूर्य किरण मशाल रिले के माध्यम से देश सेवा के 50 शानदार वर्ष पूरे होने की खुशी मना रहा है। सूर्य किरण मशाल रिले भूतपूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों को आने वाली समस्याओं और शिकायतों को हल करने के लिए सदा तैयार रहने का सन्देश देती है। लगभग 1500 किलोमीटर का सफर तय करती हुई यह मशाल रिले आज मैनपुरी पहुंची है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 17, 2013, 19:51