Last Updated: Friday, January 20, 2012, 18:37
ज़ी न्यूज ब्यूरोजयपुर : जयपुर साहित्य समारोह में सलमान रश्दी की विवादास्पद किताब पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे दरबार हॉल में समारोह में शिरकत कर रहे तीन साहित्यकारों को ‘द सैटेनिक वर्सेज’ के कुछ अंश पढ़ने से रोका गया है। यह वाक्या तब हुआ जब अमिताभ कुमार और हरि कुंजरू नामक दो एनआरआई साहित्यकार रश्दी की विवादित किताब के कुछ अंश पढ़ने शुरू किए।
कहा जा रहा है कि ये साहित्यकार रश्दी की यात्रा के विरोध के खिलाफ उनकी यह विवादित किताब पढ़ना चाहते थे। जब इन साहित्यकारों ने किताब के कुछ अंश पढ़ने शुरू किये तो कार्यक्रम के आयोजक संजय रॉय ने इन्हें ऐसा करने से मना कर दिया। आयोजक का तर्क था कि चूंकि सलमान रश्दी का जिस तरह से भारत में विरोध हो रहा है, उसे देखते हुए विवादित किताब के अंश पढ़ना ठीक नहीं है। साहित्यकार रुचिर जोशी को भी यह किताब पढ़ने से रोका गया।
इन दोनों लेखकों की यह योजना पहले से ही थी। इन्होंने ट्विट कर इसकी जानकारी दी। रश्दी ने ट्विट कर अमिताभ और कुंजरू को धन्यवाद दिया। भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक रश्दी की यह किताब 1987 में छपी थी लेकिन भारत में इस किताब पर 1988 से ही पाबंदी है।
First Published: Saturday, January 21, 2012, 00:07