हरियाणा में दो नाबालिग लड़की से दुष्कर्म

हरियाणा में दो नाबालिग लड़की से दुष्कर्म

चंडीगढ़ : हरियाणा के हिसार और भिवानी जिलों में दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि हिसार में पिछले शनिवार (तीन नवंबर) को चार युवकों ने 16 साल की एक दलित लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

युवकों को आज गिरफ्तार किया गया। युवकों ने पीड़िता को धमकी दी थी कि किसी को इस घटना की जानकारी देने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतना पड़ सकता है। पीड़िता एक सरकारी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। वह हिसार के एक गांव की रहने वाली है। उसने बताया कि घर पर उसके साथ आरोपियों ने तब दुष्कर्म किया जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे।

लड़की ने कल इस बात की जानकारी अपने पिता को दी जिसके बाद एक मामला दर्ज कराया गया। हिसार के पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन ने बताया कि सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दूसरी घटना में कथित तौर पर तीन युवकों ने आठ नवंबर को दादरी सबडिवीजन में 11 वर्षीय एक लड़की के साथ दुष्कर्म किया। तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को बंधक बना लिया था। गौरतलब है कि पिछले दो महीने में हरियाणा में यौन उत्पीड़न के 15 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, November 10, 2012, 18:10

comments powered by Disqus