Last Updated: Wednesday, March 7, 2012, 05:12
ज़ी न्यूज ब्यूरोदेहरादून : उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस में सिर्फ एक सीट का फासला है। लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना दिखाई दे रही है। कांग्रेसी नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात भी कर ली है और आज एक बार फिर राज्यपाल से मिलकर समर्थन करने वाले विधायकों की लिस्ट सौंपेंगे।
कांग्रेस की तरफ से केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री हरीश रावत को उत्तराखंड की कमान सौंपी जा सकती है। इधर, मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी के चुनाव हार जाने और कांग्रेस से एक सीट कम पाने के बावजूद भाजपा ने भी सरकार बनाने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। भाजपा नेता भा आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
उत्तराखंड में कांग्रेस को 32 सीटें और भाजपा को 31 सीटें मिली हैं। बीएसपी को तीन सीटें मिली हैं। एक सीट उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) को मिली है। कांग्रेस से बागी 3 उम्मीदवारों ने निर्दलीय चुनाव लड़ कर जीत दर्ज की है। 32 सीटें जीतने वाली कांग्रेस को बहुमत के लिए 4 और विधायकों की जरूरत है। तीनों निर्दलीय विधायक कांग्रेस के बागी हैं और कांग्रेस को भरोसा है कि वह उन्हें मना लेगी। एक विधायक यूकेडी का है और कांग्रेस को उसका भी समर्थन मिल जाने की उम्मीद है। अगर ऐसा हो जाता है तो कांग्रेस को बीएसपी के 3 विधायकों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
कांग्रेस सबसे बड़े दल के तौर पर सामने आई है, इसलिए उम्मीद है कि राज्यपाल भी कांग्रेस को पहले सरकार बनाने का न्योता देंगे। एक बार सत्ता मिलते ही मुख्यमंत्री एंग्लो-इंडियन समुदाय से एक विधायक मनोनीत करके अपना पक्ष और मजबूत कर सकते हैं।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह और अनंत कुमार पर्यवेक्षक के तौर पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। वे विधायक दल के नेता का चुनाव कराएंगे। भाजपा के लिए मुश्किल यह है कि भाजपा को सरकार बनाने के लिए बीएसपी के साथ-साथ यूकेडी और तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन चाहिए।
First Published: Wednesday, March 7, 2012, 17:31