हिमाचल कांग्रेस के 24 नेता निष्कासित

हिमाचल कांग्रेस के 24 नेता निष्कासित

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने यहां सोमवार को बताया कि अनुशासनहीनता के आरोप में चार पूर्व विधायकों सहित 24 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों को हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने के कारण निष्कासित किया गया। ये पूर्व विधायक हैं योगराज, मस्त राम, ईश्वर दास और कश्मीर सिंह।

निष्कासित किए गए अन्य प्रमुख नेताओं में धर्मवीर धामी, के.डी. लखनपाल, पी.सी. पॉल और परमजीत पम्मी शामिल हैं।

सुक्खू ने इसी वर्ष 15 जनवरी को कांग्रेस राज्य इकाई के प्रमुख का पद संभाला है। उन्होंने हत्या के आरोप का सामना कर रहे नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी को पार्टी से निलंबित कर दिया।

चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला हरियाणा पुलिस ने दर्ज किया है। वह इस समय अंबाला जेल में हैं।

आपराधिक मामलों का सामना कर रहे विधायकों के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर सुक्खू ने कहा, "उनकी किस्मत का फैसला कांग्रेस विधायक दल करेगा। ऐसे मामलों में पार्टी अदालत को आरोपियों के बारे में जानकारी देगी, लेकिन अगर मामला राजनीतिक प्रकृति का होगा तो उसे नजरअंदाज किया जाएगा।" (एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 12, 2013, 08:43

comments powered by Disqus