हिमाचल विस में लोकायुक्त विधेयक पेश - Zee News हिंदी

हिमाचल विस में लोकायुक्त विधेयक पेश


शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बुधवार को एक प्रभावी लोकायुक्त व्यवस्था के लिए एक विधेयक विधानसभा में पेश किया। विधेयक में लोकायुक्त को अधिक अधिकार दिए गए हैं। धूमल ने विधानसभा में हिमाचल प्रदेश लोकायुक्त विधेयक पेश करते हुए सदस्यों से इसे पढ़ने और इस पर स्वस्थ बहस करने की अपील की।

 

धूमल ने कहा कि हमने जनता सहित विभिन्न हलकों से प्राप्त हुए सुझावों को इसमें शामिल किया है। यह एक महत्वपूर्ण विधेयक है। मुख्यमंत्री से लेकर पंचायत के वार्ड सदस्य तक, सभी इसके दायरे में आते हैं। विधानसभा अध्यक्ष तुलसी राम ने कहा कि विधेयक पर शुक्रवार को चर्चा कराने के लिए इसे सूचीबद्ध किया गया है। शुक्रवार को बजट सत्र का अंतिम दिन होगा।

 

विधेयक पेश होने से पहले कांग्रेस विधायक जी.एस. बाली ने समाजसेवी अन्ना हजारे के सहयोगी अरविंद केजरीवाल द्वारा हिमाचल प्रदेश लोकायुक्त विधेयक पर हाल में की गई आलोचना पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। धूमल ने अन्ना के सहयोगियों से दूरी बना ली। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी टीम अन्ना के सदस्यों से मिलने दिल्ली नहीं गया था। केजरीवाल की आलोचना कोई बह्मवाक्य नहीं है। गौर हो कि केजरीवाल ने हिमाचल लोकायुक्त विधेयक को बहुत कमजोर और अप्रभावी बताया था और सरकार से आग्रह किया था कि उसे उत्तराखण्ड लोकायुक्त विधेयक का अनुसरण करना चाहिए।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 4, 2012, 18:22

comments powered by Disqus