Last Updated: Saturday, July 27, 2013, 21:58
जालंधर : चंडीगढ़ मसले पर कांग्रेस ने कहा है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री जो चाहें बोलें लेकिन चंडीगढ़ हमेशा से पंजाब का है और आगे भी यह प्रदेश का हिस्सा ही रहेगा।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, ‘चंडीगढ़ हमेशा से पंजाब का हिस्सा है और आगे भी ऐसा ही रहेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा जो चाहें बोलें लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी हैं।’ इससे पहले चंडीगढ़ के मुद्दे पर सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी अलग अलग कह चुके हैं कि यह प्रदेश का ही हिस्सा है।
‘न्यू चंडीगढ़’ परियोजना को पूरी तरह फर्जी परियोजना करार देते हुए बाजवा ने कहा, ‘यह सुखबीर बादल की परियोजना है। इसके तहत केवल लोगों को ठगने की नीति बन रही है। मुल्लापुर में किसी प्रकार की सुविधा नहीं है फिर ऐसे में इसे न्यू चंडीगढ़ के रूप में विकसित करने की बात कह कर सुखबीर केवल प्रवासी भारतीयों को आकर्षित करना चाहते हैं ताकि चंडीगढ़ के नाम पर उनको ठगा जाए।’ (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 27, 2013, 21:58