Last Updated: Wednesday, May 9, 2012, 07:35

ज़ी न्यूज ब्यूरो रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के हेलीकॉप्टर के रांची हवाई अड्डे पर बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोटें लगी हैं।
मुंडा और उनकी पत्नी को ले जा रहा हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी आने के बाद हवाईपट्टी के एक किनारे उतर गया। मुंडा और उनकी पत्नी मीरा हेलीकॉप्टर से सरायकेला खरसावा जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। हादसे के बाद मुख्यमंत्री, उनकी पत्नी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बड़कुंवर गगराई, सुरक्षा अधिकारी मनोज सिंह और पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के दाहिने टखने में टूटन आई है और सीने, गर्दन और पीठ में चोटें लगी हैं। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों को खतरे से बाहर बताया गया है और चोट की मात्रा जांचने के लिए सभी का एमआरआई परीक्षण किया गया है। राज्य के श्रम मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि मुंडा खतरे से बाहर हैं। डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद राज्य के पुलिस प्रमुख जी.एस. रथ, मुख्य सचिव एस.के. चौधरी एवं वरिष्ठ अधिकारी वहां पहुंचे।
ज्ञात हो कि मुंडा सरायकेला खरसावा जिले के कुचई में एक बिजली केंद्र का उद्घाटन करने वाले थे। एक अधिकारी ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के बाद हेलीकॉप्टर दिन के 12.25 बजे हवाईपट्टी के एक किनारे उतर गया। हेलीकॉप्टर ने रांची से सुबह 11.45 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन वह सरायकेला खरसावां जिले के कुचई में उतर नहीं पाया और वापस लौट आया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हेलीकॉप्टर हवा में लगभग 25 मीटर की ऊंचाई से जमीन पर उतरा।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस घटना के कारण रांची हवाई अड्डे पर सेवाएं बाधित हुई हैं, जो शाम तक ही बहाल हो पाएंगी। बताया गया कि मुख्यमंत्री मुंडा जिस अगस्टा-009 हेलीकॉप्टर पर सवार थे, वह 20 वर्ष पुराना है। गत अप्रैल में मुंडा को ले जाने वाले हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे जमशेदपुर में आपात स्थिति में उतारा गया था।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 9, 2012, 21:48