US में हथियार पर नियंत्रण समय की जरूरत : बॉलीवुड, Gun control need of the hour in US: Indian celebs

US में हथियार पर नियंत्रण समय की जरूरत : बॉलीवुड

US में हथियार पर नियंत्रण समय की जरूरत : बॉलीवुडमुम्बई : फिल्म की शूटिंग के लिए अक्सर अमेरिका की यात्रा करने वाले अमिताभ बच्चन एवं शेखर कपूर जैसे कलाकारों ने न्यूटाउन के एक स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी की घटना पर शोक-संवेदना जाहिर की है। गोलीबारी की इस घटना में 20 बच्चों सहित 28 लोग मारे गए।

बच्चों की जघन्य हत्या पर कलाकारों ने कहा कि देश की सरकार को अपने हथियार नियामक कानून पर गंभीरता से सोचना चाहिए।

ज्ञात हो कि एक सिरफिरे व्यक्ति ने शुक्रवार को न्यूटाउन के एक एलिमेंटरी स्कूल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की।

इस घटना पर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर कहा,‘पाशविक घटना! गोलीबारी के बारे में जानकर अत्यंत दुख पहुंचा है। मैं इस बात की कल्पना नहीं कर सकता कि एक व्यक्ति इतनी पाशविक मानसिकता का हो सकता है। पीड़ित परिवारों के लिए मेरी संवेदनाएं।’

महानायक ने आगे कहा,‘देश में हथियार पर नियंत्रण करने की जरूरत है। इसके लिए सीनेट में कानून पारित करने की आवश्यकता है।’

शेखर कपूर ने कहा,‘मेरी संवेदनाएं कनेक्टिकट में हुई गोलीबारी में अपने बच्चों को खोने वाले परिवारों के साथ हैं।’

फिल्म निर्माता करन जौहर ने कहा,‘कनेक्टिकट में हुई जघन्य घटना को जानकर सदमे में हूं। इस घटना की निंदा करता हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हथियार मामले में अमेरिका को सक्रियता दिखाने की जरूरत है।’

कुणाल कोहली ने कहा,‘हथियार यदि बेचे जाएंगे तो उनका इस्तेमाल होगा। अक्सर इस तरह की घटनाओं में निर्दोष मारे जाते हैं। अमेरिका को अपने हथियार कानून के बारे में दोबारा विचार करना चाहिए। हत्यांए रुकनी चाहिए।’

नेहा धूपिया ने कहा,‘न्यूटाउन में जो कुछ हुआ उसकी कल्पना करना मुश्किल है। पीड़ितों के परिवारों को ईश्वर शक्ति दें।’

इनके अलावा मनोज बाजपेयी, फरहान अख्तर,कबीर खान, फराह खान एवं श्रुति हसन ने भी इस घटना पर शोक प्रकट किया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 15, 2012, 17:12

comments powered by Disqus