Last Updated: Tuesday, November 27, 2012, 11:47

मुंबई : फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी हाल ही में आई अपनी फिल्म ‘अय्या’ को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलने से निराश हुई है और उन्हें लगता है कि अभिनेताओं को हमेशा प्रशंसा पसंद आती है।
अनुराग कश्यप द्वारा निर्मित और नवोदित निर्देशक सचिन कुन्डलकर द्वारा निर्देशित ‘अय्या’ फिल्म में रानी और दक्षिण के अभिनेता पृथ्वीराज मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में रानी ने एक मराठी लड़की का किरदार निभाया था जो एक मलयाली लड़के से प्यार करने लगती है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई धमाल नहीं कर सकी थी।
रानी ने कहा कि फिल्म को प्रशंसा तभी मिल सकती है जब दर्शक उसे देखें। ‘अय्या’ के मामले में संभवत: लोग इसे देखने के लिए आए ही नहीं। यह मेरे लिए काफी दुखी करने वाली बात है। हम कलाकार लोग हमेशा प्रशंसा पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर फिल्म सफल होती है तो इसका एक ही मतलब है कि काफी लोगों ने इसे देखा है। इससे हमें काफी खुशी मिलती है। जब हम लोगों को यह पता चलता है कि फिल्म असफल साबित हुई है तो हम लोग सोचते हैं कि कोई भी इसे देखने के लिए नहीं आया है।
34 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि एक फिल्म की कहानी विभिन्न लोगों को विभिन्न तरीके से पसंद आ सकती है जो फिल्म की सफलता निर्धारित करती है। इस बीच रानी की फिल्म ‘तलाश’ शुक्रवार को सिनेमा घरों में प्रदर्शित होने वाली है। सस्पेंस आधारित इस फिल्म में आमिर खान, करीना कपूर और रानी मुख्य भूमिका में है। फिल्म का निर्देशन रीमा कागती ने किया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 27, 2012, 11:47