Last Updated: Monday, April 2, 2012, 03:30
नई दिल्ली : अभिनेता इमरान खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को इस साल के सबसे बुरे कलाकार का गोल्डन केला पुरस्कार दिया गया। गोल्डन केला पुरस्कार का यह चौथा संस्करण था। इसमें हिंदी सिनेमा में हुए खराब कामों और बुरी फिल्मों को पुरस्कार दिया जाता है।
इमरान को ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ के लिए सबसे बुरा अभिनेता और दीपिका को ‘आरक्षण’ में उनकी भूमिका के लिए सबसे बुरी अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। शाहरूख खान की फिल्म ‘रा वन’ को साल की सबसे बुरी फिल्म और अनुभव सिन्हा को सबसे बुरा निर्देशक चुना गया।
सबसे बुरे सहयोगी कलाकार के लिए प्रतीक बब्बर को गोल्डन केला पुरस्कार दिया गया। फिल्म ‘दम मारो दम’ और ‘आरक्षण’ के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया। सलमान खान की फिल्म ‘बॉडीगार्ड’ के लोकप्रिय गाने ‘तेरी मेरी’ को साल का सबसे उबाउ गीत चुना गया। अमिताभ भट्टाचार्य को फिल्म ‘थंक यू’ के गीत ‘प्यार दो प्यार लो’ के लिए सबसे बेकार गीतकार का पुरस्कार दिया गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के अभिनेता बेटे चिराग पासवान को ‘मिले ना मिले हम’ के लिए सबसे बुरे नवोदित कलाकार का पुरस्कार दिया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 2, 2012, 09:05