Last Updated: Tuesday, August 21, 2012, 13:40

नई दिल्ली: ‘डबल धमाल’ की जलेबी बाई ने जहां जमकर धूम मचाई वहीं अब क्लबों और पार्टियों में ‘जलेबी ब्वॉयज’ का जलवा है।
भारत के चार हिस्सों के चार लड़कों ने इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक बैंड ‘जलेबी कार्टल’ बनाया और लोकप्रियता का मीठा स्वाद चखते हुए वे देश में इलेक्ट्रॉनिक संगीत की पटकथा लिख रहे हैं। हाल ही में यह बैंड ‘‘रोलिंग स्टोन्स’’ पत्रिका के भारतीय संस्करण के कवर पर छाया हुआ था।
बैंड के एक सदस्य अश्विन ने कहा ‘‘हमारा संगीत हमने अपने जीवन, अपने अनुभवों के आधार पर तैयार किया है। लेकिन हम श्रोताओं के लिए हमेशा कुछ नया करना चाहते हैं। हम यह भी जानते हैं कि बॉलीवुड की फिल्मों के केवल नए नए गाने चुनने पर हम अपनी पहचान खो देंगे। इसलिए हम मौलिकता पर जोर दे रहे हैं।’’ वर्ष 2003 में शुरू हुए इस बैंड के संगीतज्ञों का कहना है कि भारत से बाहर उनके संगीत को ज्यादा पसंद किया गया। लेकिन वह अपने संगीत को भारत की आत्मा से जोड़े रखना चाहते हैं ठीक उसी तरह, जिस तरह मीठी और गोल लच्छेदार जलेबी बरसों से भारतीयों के मुंह का स्वाद बनी हुई है। इस बैंड ने हाल ही में यहां एक कार्यक्रम पेश किया था।
मुंबई निवासी 36 वर्षीय अश्विन ने कहा ‘‘संगीत हमारी आत्मा के लिए भोजन की तरह होता है। हमारा संगीत जलेबी की तरह ही है, बिल्कुल मीठा मीठा, उलझाव लिए रहस्यमय और प्रयोगधर्मी। दिलचस्प बात यह है कि अपने बैंड का नाम रखने के लिए हमने कम से कम 25 मेनू देखे और तब जा कर हमने ‘जलेबी’ को चुना।’’ बैंड के अन्य सदस्यों में ऐश, अजरुन वागले और महादेव हैं। कोलकाता की ऐश जहां गाने में महारत रखती हैं वहीं पुणे के अजरुन वागले लैपटॉप और मिक्सर संभालते हैं। बेंगलूर के जी फोर्स अजरुन गायकों की मदद करते हैं।
‘‘जलेबी कार्टल’’ का कार्यक्रम बहुत व्यस्त है। उसने कनाडा से ऑस्ट्रेलिया तक प्रस्तुतियां दी हैं और जर्मनी, स्विटजरलैंड, डेनमार्क, सिंगापुर, मलेशिया तथा श्रीलंका में अपने प्रशंसकों को भी निराश नहीं किया।
इस बैंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान 2004 में ‘‘ब्यूटीफुल राइजिंग’’ को लेकर हुई। वर्ष 2009 में उन्होंने अपना पहला भारतीय अलबम ‘‘वनप्वॉइंटनथिंग’’ निकाला।
हाल ही में इस बैंड को सिंगापुर में आयोजित ‘यूथ ओलंपिक्स’ में आमंत्रित किया गया था और इसकी प्रस्तुति टेलीविजन तथा रेडियो पर भी आई। अश्विन ने कहा ‘‘हमारा बैंड भारत का पहला इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक बैंड है और हम इसे वैश्विक पहचान दिलाना चाहते हैं।’’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 21, 2012, 13:40