Last Updated: Sunday, October 16, 2011, 12:07
मुंबई : भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की कथा को हॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक रोजर स्पॉटिसवुड रूपहले पर्दे पर पेश करने जा रहे हैं। इस फिल्म में ‘रंग दे बसंती’ फिल्म से प्रसिद्ध हुए अभिनेता सिद्धार्थ मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
स्पॉटिसवुड बांड श्रृंखला की फिल्म ‘टुमॉरो नेवर डाइज’ के लिए जाने जाते हैं। स्पॉटिसवुड मुंबई में चल रहे मुंबई फिल्म महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा ज्यूरी का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म रामानुजन की जीवनी नहीं है। रामानुजन की महज 32 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई थी। इस फिल्म में बल्कि जी एच हार्डी से उनकी मित्रता को दर्शाया जाएगा। हार्डी ही वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने कैंब्रिज में उनकी प्रतिभा को पहचाना था।
इस फिल्म का नाम ‘द फर्स्ट क्लास मैन’ रखा गया है। इसकी पटकथा का काम पूरा हो गया है और अगले साल किसी भी समय शूटिंग करने की योजना बनाई जा रही है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, October 16, 2011, 17:39