`गली गली चोर है` में बुकी ने लगाया था पैसा!

`गली गली चोर है` में बुकी ने लगाया था पैसा!

ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई : अन्ना हजारे के आंदोलन से प्रेरित फिल्म `गली गली चोर है` में कालाधन लगे होने की खबर है। मुंबई पुलिस का कहना है कि फिल्म में बुकी प्रकाश चंदलानी का पैसा लगा था। इस संबंध में मुंबई पुलिस ने फिल्म निर्माता नितिन मनमोहन से पूछताछ की है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, प्रकाश चंदलानी के अंडरवर्ल्ड से भी रिश्ते हैं। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। प्रकाश चंदलानी फिल्म का सह-निर्माता है।

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार को फिल्म निर्माता नितिन मनमोहन से पूछताछ की है। पूछताछ में मनमोहन ने बताया कि उसे प्रकाश चंदलानी के बुकी होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसने प्रकाश का पैसा वापस कर दिया था। मनमोहन ने बताया कि चंदलानी उससे बतौर फाइनेंसर मिला था।

मनमोहन ने अन्ना हजारे के लिए उनके गांव में इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग की थी। फिल्म अन्ना को बेहद पसंद आई थी और इसे देखने के बाद उन्होंने विवादास्पद बयान दे दिया था कि भ्रष्टाचारियों को तमाचा मार कर ठीक करने का उपाय ही अब बाकी रह गया है। इस बयान पर सियासी दलों में अन्ना के अहिंसा धर्म का खूब मजाक उड़ाया गया था।

First Published: Tuesday, May 29, 2012, 16:10

comments powered by Disqus