Last Updated: Friday, January 18, 2013, 08:02
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली: सलमान खान बॉलीवुड में अपनी उदारता के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने बीते जमाने के जानेमाने फोटोग्राफर जगदीश माली की मदद कर अपनी दरियादिली पेश की। बॉलीवुड के 1980-1990 के दशक के मशहूर फोटोग्राफर और एक्ट्रेसेस की खूबसूरती की बेहतरीन तस्वीरों को कैद करनेवाले जादूगर जगदीश माली को हाल ही में मुंबई की सड़कों पर पाया गया।
रियलिटी शो बिग बॉस-6 में शिरकत करनेवाली मॉडल मिंक बरार को माली मुंबई की सड़क पर बड़ी दयनीय स्थिति में मिले। उनकी बेटी और बॉलीवुड अदाकारा अंतरा माली को जब इस बारे में बताया गया तो उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि वह हाल ही में मां बनी है और इस वक्त कुछ नहीं कर सकती है।
फिर मिंक ने सलमान खान को फोन कर उनसे मदद मांगी। सलमान ने तुरंत ही अपनी गाड़ी और अपने स्टाफ को भेजकर जगदीश माली को अपने घर बुलाया और उनकी मदद की। जगदीश माली की इस हालत को देखकर खुद सलमान खान भी सकते में थे। उन्होंने जगदीश के लिए खाना और नये कपड़ों का इंतजाम किया।
जगदीश माली गहरे अवसाद का शिकार हो गए है। कुछ समय पहले उन्हें दिल का दौर भी पड़ा था। उसके बाद हालात इस कदर खराब हुए कि उन्होंने अपने आपको दुनिया से अलग-थलग कर लिया।
First Published: Thursday, January 17, 2013, 13:56