Last Updated: Monday, April 8, 2013, 09:14

वैंकूअर : टाइम्स ऑफ इंडिया फिल्म अवार्ड्स (टीओआईएफए) समारोह की रात्रि फिल्म की दुनिया के दो दिग्गजों से जगमगा उठी, जब शाहरूख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन सम्मान समारोह के स्टेज पर पहुंचे। टीओआईएफए के शीर्ष अवार्ड्स पर निर्देशक अनुराग बासु की फिल्म `बर्फी` ने कब्जा जमाया। शनिवार की रात आयोजित इस सम्मान समारोह के स्टेज पर शाहरुख के आते ही दर्शकों ने उत्साह से चीखते हुए उनका स्वागत किया।
शाहरुख ने सबका अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा, मैं आप सबसे बहुत प्यार करता हूं और मुझे मिले आप सबके प्यार और सम्मान के लिए आप सबका शुक्रिया। शाहरुख से पहले अवार्ड समारोह को अपनी प्रस्तुतियों से अभिषेक बच्चन, कैटरीना कैफ, प्रियंका चोपड़ा और ऐश्वर्या राय ने रंगारंग बनाया। ऐश्वर्या राय अपनी बच्ची को जन्म देने के बाद पहली बार स्टेज शो करती दिखाई दीं और उन्होंने दर्शकों को सर्वाधिक रोमांचित किया।
अवार्ड समारोह के सह संचालक रणबीर कपूर ने अनुष्का शर्मा तथा बोमन इरानी के साथ अपने मजाकिया अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले टीओआईएएफ अवार्ड समारोह में बर्फी ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म के साथ सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता एवं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार झटके।
बर्फी के लिए दक्षिण की अभिनेत्री इलियाना डी क्रूज को सर्वश्रेष्ठ पदार्पण अभिनेत्री अवार्ड दिया गया।
सर्वश्रेष्ठ पदार्पण अभिनेता का अवार्ड सुपरहिट फिल्म `विकी डोनर` के लिए आयुष्मान खुराना को मिला।
फिल्म `अग्निपथ` के लिए ऋषि कपूर को सर्वश्रेष्ठ नकारात्मक किरदार के अवार्ड से नवाजा गया।
अनुराग कश्यप की कोयला माफिया पर बनी फिल्म गैंग्स ऑफ वसेपुर को सर्वश्रेष्ठ समीक्षा अवार्ड प्रदान किया गया।
अन्य लोकप्रिय सम्मानों में :
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री : डॉली अहलुवालिया, विकी डोनर
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता : अन्नू कपूर, विकी डोनर
सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता : अभिषेक बच्चन, बोल बच्चन
सर्वश्रेष्ठ पाश्र्वगायिका : शालमली खोलगाडे को फिल्म `इशकजादे` के लिए गीत `मैं परेशां..` के लिए
सर्वश्रेष्ठ पाश्र्वगायक : सोनू निगम, अग्निपथ में `अभी मुझमें..` गीत के लिए
सर्वश्रेष्ठ गीतकार : गुलजार, जब तक है जान के `सांस..` के लिए
सर्वश्रेष्ठ संगीतकार : अतुल-अजय को अग्निपथ के लिए (एजेंसी)
First Published: Monday, April 8, 2013, 09:14