Last Updated: Wednesday, December 7, 2011, 08:45
लंदन : बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता देवानंद का अंतिम संस्कार संभवत: लंदन में शनिवार यानी नौ दिसंबर को किया जाएगा। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि देवानंद का अंतिम संस्कार बड़े ही सादगी से किया जाएगा, जिसमें केवल परिवार के सदस्य ही शामिल होंगे।
अंतिम संस्कार के बाद उनकी याद में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें जनता को आमंत्रित किया जाएगा। देवानंद की पत्नी कल्पना कार्तिक के आज मुंबई से अपनी पुत्री के साथ यहां पहुंचने की संभावना है। 88 वर्षीय देवानंद आराम और चिकित्सकीय जांच के लिए लंदन आए थे। शनिवार को होटल के कमरे में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।
इससे पहले, बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता देवानंद का अंतिम संस्कार इस सप्ताह के अंत में लंदन में होने की संभावना जताई जा रही थी। गौर हो कि 88 वर्षीय देवानंद का शनिवार की रात को लंदन में उनके होटल के कमरे में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। देवानंद के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि उनके बेटे सुनील ने मुझे फोन कर बताया कि अंतिम संस्कार लंदन में हो सकता है।
अंतिम संस्कार नौ या 10 दिसंबर को होगा क्योंकि संबंधित अधिकारी उनकी पार्थिव देह को निधन के सात दिन बाद सौपेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ जांच पड़ताल भी चल रही है क्योंकि देवानंद का निधन होटल में हुआ।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 7, 2011, 14:15