देवानंद का अंतिम संस्कार शनिवार को - Zee News हिंदी

देवानंद का अंतिम संस्कार शनिवार को



लंदन : सदाबहार अभिनेता देवानंद का अंतिम संस्कार यहां शनिवार को किया जाएगा। इसके बाद उनकी अस्थियां भारत ले जाकर मुंबई में शोक सभा में रखी जाएंगी।

 

देवानंद की पत्नी कल्पना कार्तिक और उनकी बेटी देविना के मुंबई से यहां आने के बाद यह फैसला किया गया।
परिवार ने पुष्टि की कि बॉलीवुड अभिनेता का अंतिम संस्कार 10 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर यहां ‘पुटनी वले’ श्मशानघाट में किया जाएगा।

 

अंतिम संस्कार के बाद देवानंद की याद में दोपहर दो बजे यहां भारतीय विद्या भवन में शोक सभा आयोजित होगी। अभिनेता की अस्थियों को बाद में भारत ले जाया जाएगा और मुंबई में उनकी याद में एक कार्यक्रम होगा।
देवानंद का तीन दिसंबर को 88 वर्ष की उम्र में यहां वॉशिंगटन होटल में बीमारी के चलते निधन हो गया था जिसके बाद दुनियाभर में फैले उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई थी। देवानंद के बेटे सुनील आनंद इस अभिनेता के अंतिम दिनों में उनके साथ थे।

 

सुनील और देवानंद के भतीजे टोनी सारिन ने बयान जारी करके कहा कि देवानंद की अस्थियां भारत ले जाई जाएंगी और भारतीय फिल्म उद्योग की राजधानी मुंबई में उनकी याद में बड़ा कार्यक्रम आायोजित होगा।
बयान में उन्होंने सभी लोगों के नैतिक समर्थन के लिए आभार जताया।(एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 7, 2011, 21:07

comments powered by Disqus