Last Updated: Friday, August 30, 2013, 13:22
आगरा: अमेरिकी रियलिटी शो सीरियल `पॉन स्टार्स` के मशहूर कलाकार सदस्य रिक हैरीसन और उनके पुत्र कॉरी ने गुरुवार को यहां आगरा के ताजमहल से अपनी एशिया यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंनें ताजमहल को `अनमोल` कहा। हिस्ट्री टीवी 18 पर प्रसारित होने वाले `पॉन स्टार्स` में पॉन स्टार्स- मुखिया रिचर्ड `ओल्ड मैन`, उनके बेटे रिक, पोते कॉरी `बिग हॉस` और उसके बचपन के दोस्त ऑस्टिन `क्यूमली` रसेल की दैनिक गतिविधियां दिखाई जाती हैं।
वर्ष 2011 में भारत में हिस्ट्री टीवी चैनल की शुरुआत हुई थी। चैनल के शो `पॉन स्टार्स` को भारत में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है इसलिए कार्यक्रम के कलाकारों ने अपनी पहली यात्रा भारत से शुरू करने का निर्णय लिया। एशिया यात्रा के तौर पर वह सिर्फ भारत-भ्रमण करेंगे।
`पॉन स्टार्स` के कलाकार बुधवार को दिल्ली पहुंचे और तड़के सुबह आगरा के लिए रवाना हो गए। यात्रा से थके होने के बावजूद पिता और पुत्र दोनों ही ताजमहल में अपने प्रशंसकों के साथ बहुत सहज नजर आए। हैरीसन अधिकतर कलाकृतियों को महत्व देते हैं लेकिन विश्व के सात आश्चर्यो में से एक ताजमहल के बारे में पूछने पर रिक ने आईएएनएस से कहा, `अनमोल!`
मुगल बादशाह शाहजहां द्वारा 17वीं शताब्दी में बनवाए गए ताजमहल को देखकर दोनों ही चकित रह गए। यहां उन्होंने चैनल के प्रचार के लिए दृश्यो का फिल्मांकन किया बाद में एक गाइड से ताजमहल के बारे में जानकारी ली। रिक ने कहा कि वह यहां दोबारा आएंगे, लेकिन अपने पीछे लगे कैमरों के बगैर। `पॉन स्टार्स` के कलाकार शुक्रवार को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 30, 2013, 13:22