Last Updated: Thursday, June 7, 2012, 12:54

मुम्बई: `फेरारी की सवारी` में मुख्य भूमिका अदा करने वाले शर्मन जोशी पारसी किरदार निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्हें अपना वजन भी बढ़ाना पड़ा। वैसे शर्मन ने अपनी भूमिका का खूब आनंद लिया और उनकी पैनी नाक ने उन्हें और भी आकर्षक बना दिया। शर्मन ने बताया कि हमनें बहुत से शारीरिक व्यायाम किए। मेरा किरदार पारसी परिवार पर आधारित है। मेरे पैनी नाक का शुक्रिया, मैं पारसी जैसा दिखता हूं। मैंने आठ से दस किलो वजन भी बढ़ाया।
`फेरारी की सवारी` राजेश मापुष्कर के निर्देशन में बन रही पहली फिल्म हैं, जो एक पादरी, उसके बेटे और फिरारी की कहानी है।
इस फिल्म से पहली बार मुख्य भूमिका में नजर आने वाले शर्मन अपनी प्रस्तुति को लेकर भी खासे आश्वस्त दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, "एक अभिनेता के तौर पर सबसे जरूरी चीज है कि आपका मस्तिष्क एक दम शांत होना चाहिए। आपको खुद पर विश्वास होना चाहिए। मैंने स्वयं पर मुख्य किरदार का कोई दबाव नहीं डाला।"
इससे पहले वह `3 इडियट्स`, `लाइफ इन ए मेट्रो` और `गोलमाल` में अपने अभिनय से दर्शकों को दिल जीत चुके हैं।
उन्होंने कहा, "पटकथाओं में मजेदार विचार होने चाहिए, वे मनोरंजक और बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंचने चाहिए। अगर सामाजिक संदेश को मनोरंजन के साथ दिया जा सके तो बहुत बढ़िया है।"
विधु विनोद चोपड़ा निर्मित `फिरारी की सवारी` 15 जून को प्रदर्शित होगी। फिल्म में बमन ईरानी भी नजर आएंगे।
फिल्म में इस्तेमाल की गई फेरारी महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की है, जिनके फिल्म में कैमियो भूमिका में नजर आने की खबरें हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 7, 2012, 12:54