Last Updated: Friday, November 25, 2011, 16:21
मुंबई : मुंबई में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहलकदमी के लिए मशहूर बांद्रा बैंडस्टैंड को अब लॉस एंजिलिस में हॉलीवुड के ‘वॉक ऑफ फेम’ की तर्ज पर बॉलीवुड के वॉक ऑफ फेम के रूप में तैयार किया जाएगा। यह जगह शाहरुख खान, सलमान खान, जॉन अब्राहम, शबाना आजमी और रेखा जैसी जानी-मानी फिल्मी शख्सियतों के घर होने के कारण मशहूर है।
भारतीय वॉक ऑफ फेम में हालांकि हॉलीवुड की तरह के सितारे नहीं होंगे लेकिन मिट्टी के सांचे (क्ले कास्ट) पर फिल्मी हस्तियों के हाथों की छाप होंगी। यूटीवी स्टार्स और चैनल के बिजनेस हैड निखिल गांधी ने इस अवधारणा को तैयार किया है। निखिल का कहना है कि इस पहल से देश और दुनिया के अधिक पर्यटक यहां आएंगे। निखिल ने कहा, ‘हम खुद को आधिकारिक बॉलीवुड चैनल मानते हैं इसलिए हम फिल्म उद्योग में इतने सालों तक योगदान देने वाले बड़े सितारों के लिए कुछ करना चाहते हैं। यह सर्वश्रेष्ठ तरीका है जिसमें हम दर्शा सकते हैं कि उनके योगदान को कितना सराहते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमने छह महीने पहले इस परियोजना पर काम शुरू किया था। हमने जगह के नाम पर बैंडस्टैंड को चुना क्योंकि यह जानी-मानी जगह है, आसानी से यहां पहुंचा जा सकता है और आकर्षक माहौल है।’
यह विचार लॉस एंजिलिस में हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम से आया जिसमें एक प्रसिद्ध रास्ते पर सितारों के साथ हॉलीवुड कलाकारों के नाम हैं। निखिल ने बताया कि इस परियोजना के लिए बंबई महानगर पालिका और बांद्रा आवासीय संघ से अनुमति मिल गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए टिकट नहीं होंगी। यह सभी के लिए खुला होगा। परियोजना के पहले चरण की शुरूआत अगले साल जनवरी में होगी। इसमें फिल्मोद्योग के करीब 60 कलाकारों के हाथों की छाप होगी।
(एजेंसी)
First Published: Friday, November 25, 2011, 21:51