बॉलीवुड ने दी यश चोपड़ा को श्रद्धांजलि

बॉलीवुड ने दी यश चोपड़ा को श्रद्धांजलि

मुंबई : बॉलीवुड ने आज महान फिल्म-निर्माता यश चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया और भारतीय सिनेमा के दिग्गज और ‘सदाबहार मुहब्बत’’ के एक कवि के तौर पर उन्हें सराहा। चोपड़ा की साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म ‘मशाल’ में मुख्य भूमिका निभा चुके प्रसिद्ध अभिनेता दिलीप कुमार ने ‘ट्वीट’ किया, ‘हिलाकर रख देने वाला, यकीन करना मुश्किल। यश एक दोस्त और भाई से कहीं बढ़कर थे। मैं स्तब्ध हूं और अपना दुख जाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’

स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने उन्हें हंसमुख एवं सहृदय व्यक्तित्व वाले एक भाई के तौर पर याद किया। लता ने लिखा, ‘यश चोपड़ा मेरे भाई की तरह थे। उनके फिल्म-निर्माण का तरीका काफी अलग था और संगीत के नजरिए से भी उनकी फिल्में हिट होती थीं। उनके फिल्मों के संगीत का जादू कभी फीका नहीं पड़ा। हंसमुख एवं सहृदय व्यक्तित्व था उनका। मैंने आखिरी दफा उनसे उनके जन्मदिन के मौके पर बात की थी और उसके बाद वह बीमार हो गए। मैंने सोचा कि वह ठीक हो जाएंगे।’

माधुरी दीक्षित ने लिखा, ‘अभी-अभी खबर मिली कि यशजी नहीं रहे। वह सिनेमा के दिग्गजों में से एक थे। उनके परिवार को मेरी गहरी संवेदनाएं। हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी।’ फिल्म निर्माता सुभाष घई ने कहा, ‘यश इस इंडस्ट्री के गुरु थे। वह हमेशा ऊर्जावान रहते थे। उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।’ साथ ही निर्माता निर्देशक महेश भट्ट ने कहा कि यह खबर दिल को झकझोर कर रख देने वाली है।

लंदन में रह रहे अप्रवासी भारतीय उद्योगपति लॉड स्वराज पॉल ने यश चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि न सिर्फ भारत बल्कि वैश्विक फिल्म जगत के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है। यश चोपड़ा की पत्नी पामेला चोपड़ा को भेजे गए शोक संदेश में उन्होंने कहा, ‘अपने रोमांटिक फिल्मों के जरिए यश चोपड़ा ने लाखों लोगों के जीवन को खुशियों से भर दिया है। उनका निधन भारत और वैश्विक फिल्म जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’ (एजेंसी)

First Published: Monday, October 22, 2012, 00:22

comments powered by Disqus