Last Updated: Thursday, January 12, 2012, 09:01
मुंबई : बॉलीवुड हस्तियों को बुधवार को यहां 18वें लायंस गोल्ड पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। फिल्मोद्योग की उत्कृष्ट प्रतिभाओं के सम्मान के लिए ये पुरस्कार दिए जाते हैं। मुख्य भूमिका के पसंदीदा अभिनेता का पुरस्कार शाहरुख खान को दिया गया तो पसंदीदा अभिनेत्री का पुरस्कार प्रियंका चोपड़ा को दिया गया। वैसे दोनों ही कलाकार पुरस्कार लेने के लिए मौजूद नहीं थे।
पार्श्व गायक सोनू निगम को पसंदीदा सदाबहार गायक का पुरस्कार दिया गया और उनके बेटे नेवान को पसंदीदा बाल गायक का पुरस्कार मिला। इस अवसर पर सोनू ने कहा कि यह गर्व का एहसास है। यह नेवान का पहला पुरस्कार है। बॉलीवुड तारिका रानी मुखर्जी को 'नो वन किल्ड जेसिका' में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सन्नी देओल को पसंदीदा आकर्षक अभिनेता, मिलन लूथरिया ('द डर्टी पिक्चर') को पसंदीदा लोकप्रिय निर्देशक, प्रकाश राज ('सिंघम') को नकारातमक भूमिका में पसंदीदा अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। शत्रुघन सिन्हा को फिल्मोद्योग के पसंदीदा वरिष्ठ सदस्य का पुरस्कार मिला। पोनी प्रकाश राज ('ऊ ला ला') को पसंदीदा नृत्य निर्देशक व गणेश हेगड़े ('छम्मक छल्लो') को पसंदीदा नृत्य निर्देशक (आलोचनात्मक) का पुरस्कार दिया गया।
पसंदीदा गीतकार का पुरस्कार 'बॉडीगार्ड' के लिए शब्बीर अहमद को दिया गया। इसी फिल्म के लिए हिमेश रेशमिया पसंदीदा संगीत नर्देशक चुने गए। बप्पी लाहिड़ी ('ऊ ला ला') पसंदीदा गायक चुने गए। दिव्या दत्ता को 'स्टेनले का डब्बा' के लिए पसंदीदा सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। राकेश रोशन दशक के पसंदीदा निर्देशक चुने गए तो उनके बेटे ऋतिक रोशन को पसंदीदा स्टाइल आइकन का पुरस्कार मिला। समारोह में आर. माधवन, सोनू निगम, पोनी प्रकाश राज, बप्पी लाहिड़ी, मिलन लूथरिया, रोहित शेट्टी जैसी हस्तियां मौजूद थीं।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, January 12, 2012, 14:31