Last Updated: Thursday, July 26, 2012, 19:08
मुंबई : रोहित शेट्टी पर बॉक्स आफिस बेहद मेहरबान नजर आ रहा है। `गोलमाल-3` ,`सिंघम`, के बाद उनकी फिल्म `बोल बच्चन` ने बॉक्स आफिस पर 100 करोड़ रुपए की कमाई की है। 1979 में प्रदर्शित हुई फिल्म `गोलमाल` से प्रेरित `बोल बच्चन` के निर्माण में 70 करोड़ रुपए का खर्च आया था। इस फिल्म में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन, असिन थोटमकल और प्राची देसाई ने काम किया है। छह जुलाई को प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने पहले सप्ताहांत 43.10 करोड़ रुपए की कमाई की।
रोहित शेट्टी की निर्माण कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस फिल्म ने पहले सप्ताह 66.81 करोड़, दूसरे सप्ताह 24.12 करोड़ और तीसरे सप्ताह 9.33 करोड़ की कमाई की और 20 दिनों में बाक्स आफिस पर इसकी कुल कमाई 100.26 करोड़ रुपए रही।
`फॉक्स स्टार स्टूडियोज` द्वारा पेश और `श्री अष्टविनायक सिनेवीजन` निर्मित फिल्म `बोल बच्चन` को मल्टीप्लैक्स के साथ-साथ एक पर्दे वाले सिनेमाघर के दर्शक भी मिले। इसे 2700 प्रति के साथ प्रदर्शित किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 26, 2012, 19:08