भारत आएंगी ओपरा, मिलेंगे अभिषेक - Zee News हिंदी

भारत आएंगी ओपरा, मिलेंगे अभिषेक




मुंबई : टॉक शो प्रस्तोता ओपरा विनफ्रे अगले सप्ताह भारत आ रही हैं। उन्होंने अपनी भारत यात्रा के दौरान बॉलीवुड सितारे अभिषेक बच्चन व ऐश्वर्या राय से मुलाकात की इच्छा व्यक्त की है। अभिषेक ने इसकी पुष्टि की है।

 

पैंतीस वर्षीय अभिषेक ने यहां फिल्मफेयर अवार्ड्स के संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ओपरा एक वृत्तचित्र फिल्म की शूटिंग के लिए यहां आ रही हैं और उन्होंने हमसे मिलने की इच्छा व्यक्त की है। साल 2005 में ऐश्वर्या ओपराह के शो 'द ओपराह विनफ्रे शो' में शामिल हुई थीं। इसी साल उन्होंने भारतीय व ब्रिटिश निर्माण में बनी फिल्म 'मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेज' में अभिनय किया था।

 

साल 2009 में उन्हें उनके पति अभिषेक के साथ शो में बुलाया गया था। उस साल ऐश्वर्या 'द पिंक पैंथर 2' में नजर आई थीं। अभिषेक ओपराह से मुलाकात के लिए इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हम दोनों के प्रति हमेशा से बहुत सम्मान व प्यार से पेश आई हैं और उनसे मिलना अद्भुत होगा। हाल ही में अभिषेक की फिल्म 'प्लेयर्स' प्रदर्शित हुई है। इस फिल्म को मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

 

कहा जा रहा है कि बच्चन परिवार ओपरा के लिए निजी रात्रिभोज आयोजित करने की योजना बना रहा है।
यह ओपराह की पहली भारत यात्रा है। उनके इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले जयपुर साहित्य महोत्सव में भी शामिल होने की उम्मीद है। वह मुख्य रूप से अपने नए शो 'नेक्स्ट चैप्टर' के एक हिस्से के लिए यहां आ रही हैं। वह इस शो में दुनियाभर में घूमती हैं और विभिन्न हस्तियों के साक्षात्कार लेती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी अपने शो के लिए यहां आध्यात्मिक गुरु दीपक चोपड़ा का साक्षात्कार लेने की योजना है।

First Published: Wednesday, January 11, 2012, 22:21

comments powered by Disqus