Last Updated: Wednesday, September 5, 2012, 14:47
मुम्बई : भारत व पाकिस्तान के बीच विवाद की कई वजहों के बावजूद उनका संगीत दोनों देशों के नागरिकों को एक-दूजे से जोड़ने का काम करता है। यही वजह है कि एक नए रिएलिटी शो `सुर क्षेत्र` में दोनों देशों की गायन प्रतिभाएं नजर आएंगी।
पाकिस्तानी जायके वाले इस भारतीय शो का प्रसारण शनिवार से शुरू हो जाएगा। शो में पाकिस्तानी संगीतकार, अभिनेता व गायक आतिफ असलम पाकिस्तानी गायकों को प्रोत्साहित करेंगे तो हिमेश रेशमिया अपनी भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करेंगे। शो के जजों के पैनल में भारतीय पाश्र्व गायिका आशा भोंसले, पाकिस्तानी गायिका आबिदा परवीन व बांग्लादेशी गायिका रूना लैला शामिल होंगी। शो की शूटिंग दुबई में हुई है। कलर्स व सहारा वन चैनल पर इसका प्रसारण होगा।
आतिफ ने यहां एक सामूहिक चर्चा के दौरान कहा कि यह भारत व पाकिस्तान को जोड़ने का प्रयास है। पाकिस्तान से बहुत से ऐसे लोग हैं जो अच्छा गाते हैं, जैसा कि हिमेश रेशमिया ने कहा है कि वह उन्हें अपनी फिल्म में ले सकते हैं। मैं भी कुछ भारतीय गायकों को ले सकता हूं। `सुर क्षेत्र` उस वक्त विवादों में घिर गया था, जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मांग रखी थी कि पाकिस्तानी कलाकारों के शो में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया जाए। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 5, 2012, 14:47