रफ्तार के बाद देखिए गागा का देसी रंग - Zee News हिंदी

रफ्तार के बाद देखिए गागा का देसी रंग



नई दिल्ली : नोएडा में हो रहे पहले इंडियन ग्रां.प्री में रफ्तार को रोमांच के बाद लोग मशहूर अमेरिकी पॉप स्टार लेडी गागा को देख पाएंगे।

 


अपने अजीबोगरीब पहनावे के लिए जाने जानी वाली गागा भारत में अपने पहले कंसर्ट के लिए खूब उत्साहित नजर आ रही हैं। उन्होंने कंसर्ट के लिए खास तौर पर देसी रूप अपनाया है। लोगों को चौंकाने के लिए उन्होंने अपने बालों को सुनहरे, रजत और हरे रंगों में इस तरह रंगा है कि वह तिरंगे झंडे की झलक दे रहा है।

 

इस अवसर के लिए खास तौर पर उनका परिधान भी तैयार किया गया है, ताकि वह भारतीय अंदाज में नजर आएं। शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अपने प्रशंसकों को चौंकाने के लिए उनकी तैयारी पूरी है। गौरतलब है कि 25 वर्षीया गायिका भारत में पहली बार रविवार को ग्रेटर नोएडा में एफ वन रेस के बाद आयोजित पार्टी में हिस्सा लेंगी।

 

गागा का कहना था कि उनके परिधान में दर्शकों को भारत और पॉप संगीत का मिला-जुला रूप नजर आएगा। इस अवसर पर वह भारतीय डीजे के साथ मिलकर गाना गाएंगी। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने हर कंसर्ट के लिए कड़ी मेहनत करती हूं, इसलिए मेरा प्रदर्शन हर बार अलग होता है। इस बार भी शो के लिए विशेष स्टेज तैयार किया गया है, जो दर्शकों को बिलकुल विलक्षण लगेगा।

 

भारत के बारे में उन्होंने कहा कि वह इस देश को जानने और यहां के लोगों के बीच आने के लिए काफी उत्सुक रही हैं। उन्होंने बताया कि वह न्यूयॉर्क स्थित एक भारतीय डिजाइनर के परिधान को पहनी हैं और कंसर्ट में भी उनके परिधान पर भारत का प्रभाव नजर आएगा। यानी लेडी गागा के पॉप का मजा अब लोग  देसी रंग- रूप में ले सकेंगे। (एजेंसी

First Published: Saturday, October 29, 2011, 15:02

comments powered by Disqus