राजेश खन्ना की संपत्ति को लेकर महाभारत शुरू

राजेश खन्ना की संपत्ति पर अब महाभारत शुरू

राजेश खन्ना की संपत्ति पर अब महाभारत शुरूज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई : बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना तो `टाइम हो गया, पैक अप!` कहकर इस दुनिया से चले गए लेकिन अब उनकी संपत्ति को लेकर महाभारत शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि राजेश खन्ना अपने पीछे करीब 200 करोड़ रुपए की संपत्ति छोड़ गए हैं। इनमें मुंबई के बांद्रा इलाके में कार्टर रोड पर स्थित बंगला भी शामिल है। राजेश खन्ना की पूर्व प्रेमिका अनिता आडवाणी ने काका के परिजनों को नोटिस भेजा है। यह नोटिस मंगलवार को राजेश खन्ना के निधन से एक दिन पहले भेजा गया था जिसमें कहा गया है कि उन्हें राजेश खन्ना के बंगले से बाहर न निकाला जाए। नोटिस में घरेलू हिंसा का आरोप भी लगाया गया है। राजेश खन्ना की दिली ख्वाहिश थी कि मेरे मरने के बाद `आशीर्वाद` को म्यूजियम में तब्दील कर दिया जाए। लेकिन अनिता नहीं चाहती कि इसे म्यूजियम बनाया जाए। अनिता ने बुरे वक्त में काका का साथ दिया था। राजेश खन्ना ने यह बंगला राजेन्द्र कुमार से खरीदा था।

सूत्रों के मुताबिक, बंगले की कीमत करोड़ों में हैं, इसलिए इसे म्यूजियम बनाना आसाना नहीं होगा। पिछले एक महीने से राजेश खन्ना का परिवार अनिता को बंगले से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है। अनिता का कहना है कि वह पिछले आठ साल से काका के साथ रह रही थी। इसलिए उसने नोटिस भेजा है। गुरुवार को जब काका की अंतिम यात्रा निकल रही थी तो अनिता ने उस ट्रक में चढ़ने की कोशिश की जिसमें काका की पार्थिव देह रखी गई थी लेकिन राजेश खन्ना के दामाद अक्षय कुमार ने अनिता को ट्रक में चढ़ने से यह कहते हुए रोक दिया कि यह सिर्फ परिवार वालों के लिए है। मालूम हो कि राजेश खन्ना के परिवार का अनिता के साथ रिश्ता अच्छा नहीं रहा है।

First Published: Saturday, July 21, 2012, 00:23

comments powered by Disqus