Last Updated: Friday, September 28, 2012, 14:55
मुंबई : सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने शुक्रवार को अपना 83वां जन्मदिन मनाया। उनकी छोटी बहन व प्रख्यात गायिका आशा भोंसले ने शिवसेना के मुखपत्र सामना के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सामना में शुक्रवार को प्रकाशित आशा के बधाई संदेश में लिखा है, लता दीदी की बराबरी का कोई गायक आज तक नहीं जन्मा है। भगवान ने उन्हें अकेला ही बनाया है। उनके जैसा कोई न तो पहले था, न आज है और न ही भविष्य में होगा।
उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्होंने लता की बहन के रूप में जन्म लिया। आशा ने कहा कि मैं उन्हें जन्मदिन पर क्या शुभकामनाएं दे सकती हूं। मैं सिर्फ इतना ही कहूंगी कि वह खुद देवी सरस्वती हैं। मैं उनके चरणों पर सिर झुकाकर उनका आशीर्वाद लूंगी और उनके लम्बे जीवन की कामना करूंगी।
लता, आशा से उम्र में चार साल बड़ी हैं। आशा ने कहा कि उनके पिता के न रहने के बाद उनकी बहन ने हमेशा उनकी देखभाल की। उन्होंने कहा, "वह घर सम्भालती थीं और कई परेशानियों के बावजूद हमारी देखभाल करती थीं। उनके लिए यह बहुत मुश्किल था। तब उन्होंने एक पाश्र्व गायिका के रूप में बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाना शुरू किया। ईमानदारी से कहूं तो ईश्वर ने उन्हें वह जगह दी, जो उन्हें मिलनी चाहिए थी। वह शीर्ष पर रहीं।
आशा ने कहा कि उनकी बहन के गाए गीतों को अब भी जब कभी सुना जाए तो वे आसपास रोमांस से भरा माहौल पैदा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मेरी बहन को दिव्य आवाज मिली थी। मंगेशकर परिवार में जन्म व लता की बहन होने से बड़ा सौभाग्य और कुछ नहीं हो सकता। मैं एक बार फिर उनके आगे शीश झुकाती हूं और उनके दीर्घायु होने की कामना करती हूं। इस बीच लता ने कहा कि उनकी संगीत की दुनिया से विदाई लेने की कोई योजना नहीं है। वह बीते बरसों की तरह आगे भी गाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि अभी संगीत से विदाई का कोई प्रश्न नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 28, 2012, 14:55